इंदौर मेट्रो का एक महीना बदला टाइम, बढ़ा किराया

इंदौर मेट्रो के 5.9 किमी के प्रायोरिटी कॉरिडोर पर कमर्शियल रन को एक महीना हो गया है। इस अवधि में यात्रियों की संख्या में भी गिरावट आने लगी है। इंदौर मेट्रो के शुरुआती दिन में जहां प्रतिदिन यात्रियों की संख्या 25 हजार से अधिक पहुंची थी। अब रोजाना 500 से भी कम लोग सफर करने पहुंच रहे हैं। हालांकि, वीकेंड पर शनिवार और रविवार को ही यात्री संख्या 1 हजार से ज्यादा पहुंच पाती है। सप्ताह की बात करें तो शुरुआत में 1 लाख से ज्यादा यात्रियों ने सफर किया था। वहीं, यह हर सप्ताह का आंकड़ा बमुश्किल 10 हजार को पार कर पा रहा है। घटते यात्रियों के चलते मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने इंदौर मेट्रो की संचालन व्यवस्था में भी बदलाव किया है। यात्रियों की संख्या और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए पिछले दिनों मेट्रो की नई समय-सारणी और किराए की नई दरें घोषित की गई थीं। यह बदलाव 23 जून 2025 से प्रभाव में आ गया था। अब इंदौर मेट्रो का संचालन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक किया जा रहा है। वहीं, हर 1 घंटे में मेट्रो चलाई जाती है। पहले सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक मेट्रो संचालन किया जा रहा था, जबकि हर 15 मिनट में मेट्रो ट्रेन संचालित हो रही थी।