घने कोहरे के चलते 50 से ज्यादा ट्रेनें लेट

नई दिल्ली : ठंड में घने कोहरे के चलते ट्रेनों की रफ्तार थम गई है। देश के अलग-अलग शहरों में कई रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं। उत्तर रेलवे की ओर से एक्स पर पोस्ट करके देरी से चलने वाली ट्रेनों की लिस्ट जारी की गई है। इसके मुताबिक, कोलकाता हावड़ा जंक्शन से नई दिल्ली तक चलने वाली 12303 पूर्वा एक्सप्रेस सहित कुछ ट्रेनें 4 घंटे से अधिक की देरी से चल रही हैं। सहरसा जंक्शन से नई दिल्ली तक जाने वाली 12533 वैशाली एक्सप्रेस, 22181 जबलपुर हजरत निजामुद्दीन गोंडवाना सुपरफास्ट एक्सप्रेस तीन घंटे से अधिक विलंब है। इसलिए यात्रियों के लिए यह बेहतर होगा कि घर से रेलवे स्टेशन के लिए निकलने से पहले रनिंग स्टेटस जरूर देख लें।
उत्तर रेलवे ने बताया कि कुल 59 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 6 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। 22 ट्रेनें करीब 8 घंटे की देरी से चल रही हैं। रेलवे के मुताबिक, 22436 नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस 4 घंटे से ज्यादा की देरी का सामना कर रही है। वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस भी कई घंटे की देरी से चल रही है। नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस 8 घंटे 17 मिनट की देरी और आनंद विहार टर्मिनल सुपरफास्ट एक्सप्रेस 7 घंटे से अधिक की देरी का सामना कर रही है।
शनिवार को उत्तर भारत के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते लगातार दूसरे दिन रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ा। राजधानी दिल्ली में लगातार दूसरे दिन भी सुबह घना कोहरा छाए रहने से कई इलाकों में दृश्यता शून्य हो गई। खराब मौसम के कारण 81 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। 15 उड़ानों का मार्ग बदला गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का अनुमान है कि मौसम की मार अभी जारी रहने वाली है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पश्चिम बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, सिक्किम, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रह सकता है। ने की संभावना है।