मुख्य सचिव अनुराग जैन उज्जैन दौरे पर, बाबा महाकाल के किए दर्शन,सिंहस्थ कार्यों की समीक्षा भी की

मुख्य सचिव अनुराग जैन उज्जैन दौरे पर, बाबा महाकाल के किए दर्शन,सिंहस्थ कार्यों की समीक्षा भी की

Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन गुरुवार को उज्जैन दौरे पर पहुंचे। इस दौरान वे महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और भगवान महाकाल की संध्या आरती में सम्मिलित हुए।और पूजा अर्चना की। प्रदेश के श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उज्जैन संभाग आयुक्त संजय गुप्ता, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने अनुराग जैन का स्वागत किया। वहीं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देश पर उन्होंने सिंहस्थ कार्यों की समीक्षा भी की।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार मुख्य सचिव अनुराग जैन ने गुरुवार दोपहर सम्राट विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल भवन के कलेक्टर कार्यालय सभागृह में सिंहस्थ के प्रगतिरत कार्यों और सिंहस्थ कार्य योजना की समीक्षा की। अनुराग जैन ने सिंहस्थ कार्यों की समीक्षा कर निर्देश दिए कि सभी विभाग निविदा स्वीकृत होने के 24 घंटे में एलओए जारी करें और निविदा के कार्य में भी तेजी लाए। मुख्य सचिव ने जल संसाधन विभाग के शिप्रा घाट निर्माण के निविदा कार्य में देरी होने के कारणों की जांच करने के निर्देश भी दिए।

सीएस अनुराग जैन ने उज्जैन में मां क्षिप्रा को स्वच्छ, अविरल और प्रवहमान बनाने के लिए निर्माणाधीन सिलारखेड़ी डेम और कान्ह क्लोज़ डक्ट परियोजना के छायन में सेगमेंट बिछाने के कार्य का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सभी कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।