आचार्य विद्यासागर के प्रथम स्मृति दिवस पर मोहन यादव ने किया बड़ा ऐलान, भोपाल में बनेगा आचार्य स्मारक

भोपाल में 6 फरवरी पहली बार किसी जैन संत का स्मृति दिवस मनाया गया। विधानसभा परिसर में इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी थे , मोहन यादव बोले भोपाल में आचार्य विद्यासागर महाराज का स्मारक बनाया जाएगा। सीएम ने मंच पर बैठे मुनि प्रमाण सागर जी महाराज का पाद प्रक्षालन किया।
कार्यक्रम में सांसद आलोक शर्मा, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में आचार्य विद्यासागर महाराज के जीवन पर आधारित 25 किताबों का विमोचन किया गया। भोपाल के दिगंबर जैन मंदिर , रोशनपुरा चौराहा,से शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा मालवीय नगर, बिरला मंदिर होते हुए विधानसभा पहुंची। जैन समाज के अध्यक्ष ने भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन और मेट्रो का नाम आचार्य विद्यासागर के नाम पर करने की मांग की है।
सीएम बोले- आचार्य विद्यासागर देवता के रूप में विद्यमान हो गए
कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा, आचार्य विद्यासागर महाराज के भीतर जो मानव सेवा का भाव रहा है उसके चलते वो जीते जी देवता के रूप में हम सब के बीच विद्यमान हो गए।
सीएम यादव ने गोमाता का जिक्र करते हुए कहा कि गोमाता के माध्यम से पूरी प्रकृति बदल सकती है। हम सबके जीवन में पूरा बदलाव आ सकता है। गोमाता के भीतर वह भाव है जो अपने बच्चों का ख्याल रखती है और मनुष्य के बच्चों का भी ख्याल रखती है।