धरने पर बैठ गए पूर्व MLA, जिला अस्पताल में मचा हड़कंप

मध्य प्रदेश के राजगढ़ में पूर्व विधायक बापू तंवर सिंह ने जिला अस्पताल में जमकर बवाल काटा। कलेक्टर के फोन न उठाने पर वे इतने नाराज हो गए कि धरने पर ही बैठ गए।  

धरने पर बैठ गए पूर्व MLA, जिला अस्पताल में मचा हड़कंप

राजगढ़। राजगढ़ में पूर्व विधायक बापू तंवर सिंह ने जिला अस्पताल में जमकर बवाल काटा। कलेक्टर के फोन न उठाने पर वे इतने नाराज हो गए कि धरने पर ही बैठ गए।  

जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक को नए जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं की शिकायत मिली थी। जिसके बाद वे इसकी जाँच पड़ताल करने के लिए हॉस्पिटल पहुंच गए। उन्होंने देखा कि जिला अस्पताल में डॉक्टर नहीं होने से 6 दिन से ओटी और सिजेरियन बंद है। सीटी स्कैन के नाम पर मरीज के परिजनों से 2500 रुपए मांगे जा रहे थे।

उन्होंने देखा कि जन औषधि केंद्र में ताला लगा हुआ था जिसकी वजह से तीन दिन से लोग परेशान हो रहे थे। पूर्व विधायक ने कलेक्टर को फोन लगाया लेकिन अधिकारी फोन नहीं उठा सके। जिसके बाद MLA भड़क उठे और धरने पर बैठ गए। उन्होंने जिला अस्पताल प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर जल्द व्यवस्था नहीं सुधरेगी तो पूरी कांग्रेस पार्टी अस्पताल में धरना देगी।   

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री आए थे तो पूरे जिले से डॉक्टर बुलाकर चकाचक कर दिया। मरीज बाहर से दवा लेने को मजबूर हैं। डॉक्टर बाहर से दवा-गोली लिख रहे हैं। कभी डिलीवरी के नाम पर पैसे लिए जाते हैं। नहीं देने पर मरीज को सीरियस बता दिया जाता है। सीएमएचओ और सिविल सर्जन व्यवस्था नहीं संभाल पा रहे हैं।